बीजापुर , मई 07 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अंतर्गत ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी सलाहकार परिषद का गठन किया है। जारी सूची में विधायक विक्रम मंडावी को सदस्य बनाया गया है,जिसकी जानकारी गुरुवार को संगठन ने दी। श्री मंडावी की नियुक्ति के बाद बीजापुर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया है।

राष्ट्रीय राजधानी से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और विधायक कवासी लखमा समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ आदिवासी नेताओं को परिषद में शामिल किया गया है।

परिषद में कुल 19 सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व सांसद खेलसाय सिंह और पूर्व विधायक बोधराम कंवर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्री मंडावी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि वे लंबे समय से आदिवासी समाज और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित