रांची , अप्रैल 02 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि विष्णुगढ़ मामले में हाय तौबा मचाने वाली भाजपा नेताओं के मुंह पर ताला क्यों लगा है?प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी आपराधिक पृष्ठभूमि और अपराधियों से भरी फौज के सेनानायक है।
श्री शांति ने कहा कि बृजभूषणशरण सिंह और कुलदीप सेंगर जैसे लोग भाजपा के ब्रांड एंबेसडर हैं जिससे भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सीखते हैं और उनके आदर्शों पर चलते हैं। जिस रहमान डकैत का जिक्र भाजपा ने किया है वह भाजपा के नेताओं कार्यकर्ताओं के रूप में गांव-गांव गली-गली में मौजूद है जिनसे आम लोग और महिलाएं बचते रहती हैं। भाजपा नेताओं को दोहरे चरित्र का मालिक बताते हुए कहा कि विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की हुई नृशंस हत्या ने भाजपा के काले सच को जनता के सामने उजागर कर दिया।
घटना के विरोध में सरकार के खिलाफत करने और विधि व्यवस्था पर सवाल उठाने, आंदोलन की घोषणा, हजारीबाग बंद बुलाने वाली भाजपा नजरे चुराये और मुंह छुपाए बैठी है। बीजेपी एजेंडे के तहत ऐसी घटनाओं में शामिल अपने नेताओं कार्यकर्ताओं को समर्थन देकर बचाने का कार्य करती है और प्रदेश में प्रशासनिक विफलता पर उंगली उठाती है।
श्री शांति ने कहा कि समाज विरोधी जितने कृत्य होते हैं लगभग सभी में अंततः भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं की संलिप्ता ही उजागर होती है और भाजपा के नेता स्वयं को संस्कारी, चरित्रवान घोषित करते फिरते हैं। आश्चर्यजनक है कि अपराधी की गिरफ्तारी होने और उसके भाजपा नेता साबित होने के बाद भी आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के किसी नेता द्वारा कुछ नहीं कहा जाना कई सवाल खड़े करता है।
भाजपा लोगों को अंधविश्वास की ओर लगातार ढकेलने का कार्य कर रही है ताकि लोगों में जागरूकता की कमी रहे और भाजपा ऐसे लोगों के सहारे अपने एजेंडे को पूरा करते रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित