वाराणसी , अप्रैल 17 -- वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा मढ़नी क्षेत्र में विकसित की जा रही बहुप्रतीक्षित आवासीय टाउनशिप परियोजना का शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि प्रस्तावित मढ़नी आवासीय योजना के तहत अब तक कुल 82 आराजी का क्रय किया जा चुका है। योजना का कुल क्षेत्रफल 62.83 हेक्टेयर निर्धारित है, जिसमें 2.3053 हेक्टेयर भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त की गई है। यह परियोजना वाराणसी के शहरी विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सड़क निर्माण, जल निकासी प्रणाली, विद्युत आपूर्ति, हरित क्षेत्र विकास समेत सभी आधारभूत सुविधाओं को ''मॉडल टाउनशिप'' हेतु निर्धारित मानकों के अनुरूप परिकल्पित एवं नियोजित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के भूमि-अर्जन व नियोजन के कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित