मुंबई , फरवरी 09 -- बॉलीवुड अभिनेता आदर्श गौरव ने फिल्म तू या मैं में नालासोपारा के लोकल रैपर के किरदार की तैयारी के लिये कई प्रभावशाली कलाकारों से मुलाकात और बातचीत की, जिससे वह संगीत के पीछे की असल ज़िंदगी को समझ सकें।
आदर्श गौरव ने अपनी आने वाली फिल्म तू या मैं में नालासोपारा के एक लोकल रैपर को पर्दे पर सच्चाई के साथ उतारने के लिए पूरी तरह खुद को झोंक दिया है। लिखी हुई स्क्रिप्ट से कहीं आगे जाकर, आदर्श ने मुंबई की अंडरग्राउंड हिप-हॉप संस्कृति को करीब से समझने के लिए काफी समय बिताया और इस सीन से जुड़े कई प्रभावशाली कलाकारों से मुलाकात और बातचीत की, ताकि संगीत के पीछे की असल ज़िंदगी को समझ सकें।
आदर्श ने शहर के अलग-अलग इलाकों, गोवंडी, नालासोपारा, कुर्ला, धारावी और अंधेरी का दौरा किया, जहां उन्होंने इंडिपेंडेंट हिप-हॉप मूवमेंट को आकार देने वाले अग्रणी रैपर्स से मुलाकात की, उन्हें देखा-समझा और उनके साथ जाम सेशन्स भी किए। इन अनुभवों ने उनके किरदार 'मराठी' की भावनात्मक, सांस्कृतिक और कलात्मक परतों को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई। अपने रैपर किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए आदर्श ने फेशियल पियर्सिंग भी करवाया, जो उनके ऑन-स्क्रीन किरदारों में रियलिज़्म लाने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित