अहमदाबाद , दिसंबर 18 -- पश्चिम रेलवे के तहत गुजरात के अहमदाबाद मण्डल में 20 दिसंबर को आदरज मोटी-विजापुर रेल खंड पर गति परीक्षण किया जाएगा, जिसके मद्देनजर सभी लोगाें से रेल पटरी से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की अपील की गयी है।
मंडल रेल प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि आदरज मोटी-विजापुर गेज परिवर्तित परियोजना के अंतर्गत आदरज मोटी-विजापुर सेक्शन में नयी परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलवे लाइन (किमी 6/4 से किमी 45/1) पर 20 दिसंबर को दोपहर 1200 बजे से 1400 बजे के दौरान अधिकतम 135 किमी प्रति घंटे की गति से लाइट इंजन का स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्पीड ट्रायल रेलवे की एक अनिवार्य तकनीकी प्रक्रिया है, जो रेल परिचालन प्रारंभ करने से पूर्व ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं स्थिरता की जांच के लिए किया जाता है। इस दौरान ट्रैक पर विभागीय ट्रेनें, मापन यंत्र तथा तकनीकी टीमें कार्यरत रहेंगी। आम जनता, मजदूरों, किसानों एवं स्थानीय निवासियों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे रेलवे ट्रैक के समीप न जाएं, किसी भी स्थिति में ट्रैक पार न करें तथा बच्चों एवं पशुओं को रेल लाइन से दूर रखें।
यह नयी रेल लाइन क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी नया आयाम प्रदान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित