चंडीगढ़ , फरवरी 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत शिरोमणि गुरु रविदास रखने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास की जयंती के पावन अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास महाराज हवाई अड्डा रखा जाना उनके विचारों और आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के समानता करुणा और सेवा के मूल्य आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और एक न्यायपूर्ण और मानवीय समाज के निर्माण का मार्ग दिखाते हैं। यह नामकरण आने वाली पीढ़ियों को भी उनके संदेश से प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश की प्रमुख संस्थाओं का नाम संतों और महान व्यक्तित्वों के नाम पर रखकर उन्हें सम्मान दे रहे हैं। हाल ही में अयोध्या हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि और हिसार हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा गया है।
श्री सैनी ने आम बजट पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें हरियाणा को विशेष महत्व दिया गया है। खारेपन से प्रभावित भूमि की समस्या के समाधान लघु एवं मध्यम उद्योगों औद्योगिक विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे राज्य को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट महिलाओं को सशक्त बनाता है युवाओं को रोजगार देता है और किसानों को मजबूती प्रदान करता है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 55 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ऐसा बजट नहीं दे सकी। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों युवाओं महिलाओं गरीबों सहित 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करता है।
पंजाब से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने राज्य की जनता को केवल झूठे सपने दिखाए हैं। हालिया बाढ़ में किसानों को भारी नुकसान हुआ लेकिन सरकारें सिर्फ राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंजाब के किसानों की समस्याओं को समझते हुए 16 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित