मुरादाबाद , मार्च 14 -- केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को कहा कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करते हुए देश लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार है।

मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और युद्ध जैसे हालात के बीच भी भारत लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया में मंदी और संघर्ष का माहौल है, इसके बावजूद भारत की विकास दर 7.4 प्रतिशत है और वैश्विक सूचकांक में देश 38वें स्थान पर है।

छात्रों को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री नड्डा ने कहा कि जीवन में किसी से प्रमाण पत्र मांगने की जरूरत नहीं है, बल्कि व्यक्ति को स्वयं को चुनौती देते हुए अपनी उपलब्धियों का आत्ममूल्यांकन करना चाहिए। यही सबसे बड़ा प्रमाण होता है।

समारोह में संस्थान की ओर से श्री नड्डा को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इसी संस्थान ने पूर्व में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को भी दीक्षांत समारोह में मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया था।

कार्यक्रम में पद्मश्री लोक गायिका मलिनी अवस्थी को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने इस अवसर पर "खुद जीओ और दूसरों को भी जीने दो" गीत प्रस्तुत कर युवाओं को प्रेरित किया।

दीक्षांत समारोह में कुल 6,041 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई, जिनमें 36 पीएचडी धारक, 108 गोल्ड मेडलिस्ट, 105 सिल्वर मेडलिस्ट और 98 अन्य पदक विजेता शामिल रहे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सरकार की छात्र-केंद्रित नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब समय समाज को कुछ लौटाने का है। वहीं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रुचि और आनंद के साथ कार्य करने को जीवन का मूल मंत्र बताया।

समारोह के दौरान भारत की 7.4 प्रतिशत विकास दर को वैश्विक मंदी के बीच बड़ी उपलब्धि बताया गया। हालांकि क्षेत्र में स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे की चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सहित कई विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित