नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- चांदनी चौक से सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्रीय बजट को उच्च आकांक्षाओं और दूरदर्शी सोच वाला दस्तावेज बताया है और कहा है कि इसमें साहसिक, विकासोन्मुख और व्यापार-अनुकूल रोडमैप है जो आत्मनिर्भर, मजबूत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप है।
श्री खंडेलवान ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "यह बजट श्री मोदी के नेतृत्व में देश के घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से भारत को एक वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने के संकल्प को मजबूत करता है। देश को आजादी मिलने के बाद पहली बार ऐसा बजट पेश किया गया है, जिसमें सुक्ष्म, लघु, एवं मध्य उद्यम (एमएसएमई) केंद्र में रखा गया है। बजट में विकसित भारत @2047 के लिए एक साहसिक, विकासोन्मुख और व्यापार-अनुकूल रोडमैप है जो आत्मनिर्भर, मजबूत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारत के श्री मोदी के संकल्प के अनुरूप है।"उन्होंने सरकार द्वारा एमएसएमई को 'विकास के चैंपियन' के रूप में मान्यता दिए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि छोटे व्यवसाय और व्यापारी अब भारत की विकास रणनीति के केंद्र में हैं।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के 'स्वदेशी' आह्वान को मजबूत करते हुए देश में निर्माण, मूल्य संवर्धन और भारतीय उत्पादों की ब्रांडिंग को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा, "स्वदेशी और वैश्विक बाजारों के बीच यह तालमेल भारतीय उत्पादों को नये अंतरराष्ट्रीय बाजारों में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के साथ पहुंचने में मदद करेगा।"उन्होंने बजट में एसएमई विकास राशि की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे एमएसएमई को देश की दीर्घकालिक विकास और निर्यात योजनाओं से जोड़ने की सरकार की मंशा जाहिर होती है। उन्होंने कहा कि यह योजना तीन मजबूत आधारों इक्विटी सहयोग, बेहतर तरलता और पेशेवर मार्गदर्शन पर आधारित है, जो एमएसएमई को आगे बढ़ने में पूरी मदद करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित