नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया है। उन्होंने सोमवार को आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।

अपने पत्र में सुश्री आतिशी ने हाल ही में हुई कई आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इनसे नागरिकों के बीच भय एवं असुरक्षा का माहौल है।

उन्होंने बीसी ब्लॉक क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की सदस्य रचना यादव की दिनदहाड़े हुई हत्या सहित विशिष्ट मामलों पर प्रकाश डाला। सुश्री आतिशी ने कहा कि पीड़िता हत्या के मामले में एक प्रमुख चश्मदीद गवाह थी और अदालत में गवाही देने वाली थी।

उन्होंने पत्र में नवंबर 2025 में लाल किले के पास हुए कार बम विस्फोट का भी उल्लेख किया, जिसमें कई लोग हताहत हुए थे और जिसकी जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी कर रही है। सुश्री आतिशी ने दिसंबर 2025 की एक घटना का भी उल्लेख किया जिसमें दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को कथित रूप से एक महिला से गहने चुराने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था।

आप नेता आतिशी ने तर्क दिया कि इन मामलों में पुलिस की देरी, निष्क्रियता एवं जवाबदेही की कमी की शिकायतें आम हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि चूंकि दिल्ली पुलिस सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है, इसलिए यह मुद्दा राष्ट्रीय महत्व का है और आंतरिक सुरक्षा तथा जनविश्वास से जुड़ा है।

सुश्री आतिशी ने श्री शाह को लिखा कि दिल्ली के नागरिकों की चिंताओं एवं अपेक्षाओं को आपके ध्यान में लाना मेरा संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने गृह मंत्री से इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए व्यक्तिगत मुलाकात का समय देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित