नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- आतंकवाद-रोधी उपायों पर दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन-आसियान के रक्षा मंत्रियों और आंतकवाद से निपटने की तैयारी संबंधी अंतिम कार्य योजना पर विशेषज्ञ कार्य समूह-एडीएमएम प्लस की 16 वीं बैठक बुधवार से यहां शुरू होगी। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यहां बताया कि तीन दिन की इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत और मलेशिया करेंगे। इसमें आसियान सचिवालय के प्रतिनिधियों सहित 11 आसियान सदस्य देश-ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ पीडीआर, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, वियतनाम, सिंगापुर, थाईलैंड और तिमोर लेस्ते और 7 संवाद साझेदार देश ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया, जापान, चीन, अमेरिका और रूस के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह 2024 से 2027 के मौजूदा चक्र की तीसरी बैठक होगी।
यह सम्मेलन पिछले सत्र के बाद की प्रगति की समीक्षा और भारत के आसियान रक्षा मंत्रियों और विशेषज्ञ कार्य समूह ढांचे के तहत तीन वर्षीय योजना के अंतर्गत चल रही तथा नियोजित गतिविधियों में आतंकवाद रोधी बहुपक्षीय सहयोग मजबूत करने के विमर्श का मंच प्रदान करेगा।
आपात स्थिति या संकट का सामना संबंधी -'टेबल टॉप एक्सरसाइज' का अंतिम संवादात्मक सत्र 14 जनवरी को आयोजित होगा। मलेशिया 2026 में विशेषज्ञ कार्य समूह की अगली बैठक के दौरान टेबल टॉप एक्सरसाइज की मेजबानी करेगा। इसके बाद भारत 2027 में फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास आयोजित करेगा।
एडीएमएम प्लस सहभागी देशों के रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच व्यावहारिक सहयोग मंच है। अभी यह सहयोग के सात क्षेत्रों पर केंद्रित है, जिनमें समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद रोधी अभियान, मानवीय सहायता और आपदा राहत, शांतिरक्षा अभियान, सैन्य चिकित्सा, मानवीय बारूदी सुरंग कार्रवाई और साइबर सुरक्षा शामिल हैं। इन सात क्षेत्रों में सहयोग सुगम बनाने के लिए विशेषज्ञ कार्य समूह की स्थापना की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित