नयी दिल्ली , फरवरी 11 -- इंडिया गठबंधन के आठ सांसदों के निलंबन को वापस लेने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों ने बुधवार को लोक सभा में हंगामा और बहिर्गमन किया।
पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्न काल शुरू होते ही इंडिया गठबंधन के निलंबित आठ सदस्यों का निलंबन समाप्त करने की मांग को लेकर विपक्षी सदस्य नारेबाजी और हंगामा करने लगे। कई सदस्य सदन के बीचोबीच आकर शोरगुल कर रहे थे। वे न्याय करने और निलंबित सदस्यों का निलंबन समाप्त करने की मांग कर रहे थे।
समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के सदस्य भी अपने-अपने स्थानों पर खड़े होकर कांग्रेस सांसदों का साथ दे रहे थे।
इस दौरान पीठासीन पी सी मोहन ने प्रश्न काल की कार्यवाही जारी रखी। हंगामे, शोरगुल और नारेबाजी का कोई असर होता न देख विपक्षी सदस्य बर्हिगमन कर गये। विपक्षी सदस्य प्रश्नकाल पूरा होने तक सदन से बाहर रहे।
गौरतलब है कि आसन की ओर कागज फाड़कर फेंकने और सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में कांग्रेस के सात और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एक सदस्य को तीन फरवरी को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित