रांची , दिसंबर 14 -- झारखंड के हजारीबाग में जिले में आजसू पार्टी की ओर से मिलन समारोह सह कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो सहित पार्टी के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान दर्जनों लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि आजसू संगठन में हजारों युवाओं का समागम हुआ है। राज्य के सामने जो चुनौतियां हैं, उन्हें आज का युवा वर्ग स्वीकार कर रहा है। उन्होंने इसे वैचारिक मिलाप बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य छोटी-छोटी शक्तियों को एकजुट करना है, ताकि राज्य में सरकार के खिलाफ एक मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाई जा सके। सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं की ऊर्जा और विचारों के साथ आगे बढ़ रही है और यही ताकत आने वाले समय में बदलाव की नींव बनेगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सुदेश महतो ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के छह साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन विकास के नाम पर राज्य को कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार को राज्य के भविष्य और उसकी वैचारिक दिशा की कोई चिंता नहीं है। शासन की व्यवहारिकता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाने में पूरी तरह विफल रही है।
सुदेश महतो ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता को प्राथमिकता देने में पीछे रह गई है और राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। चार करोड़ की जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है। सरकार सेवा के नाम पर तर्क दे रही है, लेकिन यह केवल दिखावा और बेईमानी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित