आजमगढ़ , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले की बरदह पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरजनपदीय अपराधी को दबोचा है, जिसने ट्रक का नंबर बदलकर सात लाख रुपये से अधिक का चावल पार कर दिया था। ट्रांसपोर्ट के नाम पर धोखा करने वाले इस आरोपी ने न केवल फर्जीवाड़ा किया, बल्कि व्यापारियों के भरोसे को तोड़ते हुए गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही माल को रास्ते में औने-पौने दामों पर बेच डाला।
पुलिस के अनुसार सोमवार को आजमगढ़ में थाना बरदह पुलिस ने ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल गायब करने वाले शातिर अंतरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त ट्रक और माल बेचकर प्राप्त किए गए 15,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरदह निवासी नंदलाल गुप्ता ने 29 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी फर्म 'राहुल ट्रेडिंग कंपनी' से 29 नवंबर 2025 को ट्रक के जरिए 253 कुंतल चावल (कीमत 7,08,400 रुपये) छत्तीसगढ़ के दुर्ग भेजा गया था। महीनों बीत जाने के बाद भी जब माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा और ट्रांसपोर्टर ने टाल-मटोल शुरू की, तब धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इस मामले में पुलिस ने धारा 316(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसएसपी आजमगढ़ के निर्देशन में चल रहे धरपकड़ अभियान के तहत, 30 मार्च को उपनिरीक्षक रितेश खरवार की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम पारा गेट के पास घेराबंदी की। पुलिस ने देवगांव की ओर से आ रहे उसी संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। चालक की पहचान गाजीपुर निवासी रामाकान्त यादव उर्फ मेघू यादव के रूप में हुई। वादी द्वारा दी गई फोटो से मिलान होने के बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित