आजमगढ़ , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन टीम ने हरैया ब्लॉक के एक ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) और पंचायत सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हरैया ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी शशिकांत सोनकर और पंचायत सहायक चंद्रेश यादव को 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बनकटा चौक के पास एक निजी कमरे से पकड़ा गया, जहां दोनों अनधिकृत रूप से कार्यालय संचालित कर रहे थे।

पूरा मामला बाल नारायण गांव के पूर्व प्रधान अमित कुमार यादव से जुड़ा है, जिनका करीब 1.30 लाख रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि भुगतान जारी करने के एवज में दोनों कर्मचारियों ने कुल राशि का 30 प्रतिशत कमीशन मांगा था। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपये की पहली किस्त दी, टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को बिलरियागंज थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से ब्लॉक मुख्यालय और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित