आजमगढ़, दिसम्बर 11 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अलावा, सोहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर व भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी के साथ मंडलीय समीक्षा की ।

समीक्षा बैठक में आजमगढ़ मऊ बलिया जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे । हालांकि इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री की तरफ से आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्धारित समय से दो घंटे देर 12 बजे के करीब कलेक्ट्रेट सभागार में पहुंचे। करीब 55 मिनट बैठक करने के बाद वह यहां से जौनपुर के लिए रवाना हो गए । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने इस बैठक के बाद बताया एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी है । बैठक में सीएम को जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एसआईआर के दौरान मृतक, डुप्लिकेट और गलत प्रविष्टियाँ पूरी तरह हटाई जाएं और एक भी मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों के साथ बैठक में एसआईआर की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होने कहा कि बूथ स्तर पर मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि मृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएं, डुप्लिकेट प्रविष्टियों को चिन्हित कर समाप्त किया जाए और किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से दर्ज न होने पाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जो मतदाता बाहर रहते हैं, उनसे संपर्क कर उनका एसआईआर भरवाया जाए, ताकि एक भी वास्तविक वोटर सूची से बाहर न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित