आजमगढ़ , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बीच एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि चक सिकठी इस्लामपुरा गांव निवासी हस्सान अहमद (21) शुक्रवार रात अपने घर के बाहर साथी इरफान के साथ बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान इरफान ने चाकू से हस्सान पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही हस्सान की मौत हो गई।
मृतक के पिता नौशाद की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित