आजमगढ़ , मई 02 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रानीपुर के मिल्की पट्टी गांव में यह वारदात हुई। मृतका की पहचान चिंता देवी (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से अर्जुन मुशहर नामक युवक के साथ रह रही थी।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अर्जुन मुशहर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित