रामगंज मंडी , जनवरी 22 -- बागेश्वर धाम के महंत आचार्य धीरेंद्र शास्त्री गुरुवार को राजस्थान में बीकानेर जिले के रामगंज मंडी पहुंचे।

आचार्य शास्त्री रामगंज मंडी में 23 से 25 जनवरी तक श्री गौ माता महोत्सव में श्री राम कथा करेंगे। वह रात्रि साढ़े सात बजे मोडक गांव में उनके लिये बनाए गए आवास चार धाम पर पहुंचे। जैसे ही आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने चार धाम की भूमि पर अपने चरण रखें, नन्ही बालिका प्रिषा ने आचार्य धीरेंद्र शास्त्री की अगवानी की और उनकी आरती उतारी। आचार्य शास्त्री ने छोटी कन्या के चरण स्पर्श किए!गुलाब की पुष्प वर्षा, गगन भेदी अतिशबाज़ी और बाबा बागेश्वर धाम की जय के नारों के बीच आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने चार धाम में मंगल प्रवेश किया। घर के अंदर प्रवेश करने पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पत्नी श्रीमती सूरज देवी, जेष्ठ पुत्र दीपक दिलावर और पवन दिलावर एवं पुत्री डॉक्टर अनुपम दिलावर के साथ आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत अभिनंदन किया। इस अवसर पर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने दिलावर परिवार को शुभाशीष और आशीर्वाद दिया।

इससे पहले आचार्य शास्त्री खुली कार में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मोडक पहुंचे। उनकीएक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों तरफ लोगों का हुज़ूम खड़ा हुआ था। सड़क पर खड़े लोग आचार्य धीरेंद्र शास्त्री को देखते ही बागेश्वर धाम बालाजी की जय के नारे लगा रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित