आगर-मालवा , अप्रैल 15 -- अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगर-मालवा जिले की बड़ौद पुलिस ने एक आरोपी को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41.12 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिपलिया विजय के पास आलोट रोड स्थित रामाबेड़ी जोड़ पर एक व्यक्ति एमडी ड्रग्स लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेरकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरीफ खां उर्फ बबलू (35), निवासी ब्लॉक कॉलोनी बड़ौद जिला आगरमालवा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 41.12 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना बड़ौद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूप सिंह बैस, उपनिरीक्षक राखी गुर्जर, एएसआई हरीनारायण सोलंकी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित