आगर-मालवा , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंतरालिया में एक महिला का अधजला शव उसके घर के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने घर को सील कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान रामकला बाई (33) पत्नी रतनलाल गिरी निवासी ग्राम अंतरालिया के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी शनिवार को सामने आई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घर को सील कर दिया है तथा फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित