आगरमालवा , जनवरी 27 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व विख्यात पीताम्बरा सर्वसिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस मौके पर मां बगलामुखी को मां भारती के स्वरूप में विशेष तिरंगा श्रृंगार से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देवीजी को केसरिया, श्वेत और हरे रंग की भव्य चुनरी अर्पित की गई, जो तिरंगे के रंगों का प्रतीक रही।
मंदिर परिसर को तिरंगे झंडों, आकर्षक पुष्प सज्जा और रंगीन रोशनी से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा धाम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर एवं हनुमान मंदिर में भी विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया। चारों ओर देशभक्ति का माहौल बना रहा और "वंदे मातरम्" व "भारत माता की जय" के जयघोष गूंजते रहे। राष्ट्रीय पर्वों पर प्रतिवर्ष विशेष श्रृंगार किया जाता है, ताकि श्रद्धालुओं में आस्था के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी जागृत हो। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और सम्मान का भी प्रतीक बन चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित