आगरा , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के एकता थाना क्षेत्र में दस फरवरी को बिजली मिस्त्री लवकेश की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी और चचेरे भाई सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभ में इसे आत्महत्या का मामला माना गया था। आरोप है कि मृतक लवकेश की पत्नी के अवैध संबंध उसके चचेरे भाई सुंदर से थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। जांच में सामने आया कि 10 फरवरी की रात पत्नी और सुंदर ने मिलकर लवकेश का तकिये से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए साड़ी का फंदा बनाकर शव को कमरे में पंखे से लटका दिया। देर रात महिला ने शोर मचाते हुए पति के आत्महत्या करने की बात कही, जिस पर परिजन और पड़ोसी भी यही मान बैठे और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार के दो दिन बाद मृतक के परिजनों को संदेह हुआ, जिसके बाद 12 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी और सुंदर से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित