आगरा , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस ने फ्लिपकॉर्ट के डिलीवरी हब से चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी की रात थाना ताजगंज क्षेत्र के पंचवटी के पास स्थित फ्लिपकार्ट डिलीवरी हब के गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर, आस मोहम्मद, शैलेंद्र, अतुल और प्रिंस के रूप में हुई है। इनमें शैलेंद्र एटा का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जो चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त किए गए थे। बदमाशों ने डिलीवरी हब से नौ मोबाइल फोन भी चोरी किए थे, जिन्हें पकड़े जाने के डर से रास्ते में फेंक दिया। घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई है, जिसे गाजियाबाद से किराये पर लाया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बदायूं, हापुड़, हरिद्वार और जयपुर में भी इसी प्रकार की चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस को आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी मिला है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। सर्विलांस टीम की मदद से आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित