आगरा , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार को एक नवविवाहिता दुल्हन अपने दूल्हे के साथ साक्षात्कार देने विकास भवन पहुंची तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।
संजय पैलेस स्थित विकास भवन में आंगनवाड़ी कार्यकत्री पद के लिए साक्षात्कार चल रहे थे। इसी दौरान फूलों से सजी कार से दूल्हा-दुल्हन का जोड़ा उतरा। पारंपरिक विवाह परिधान में दुल्हन अनीसा सीधे साक्षात्कार कक्ष में चली गईं, जबकि दूल्हा मनोज कुमार बाहर प्रतीक्षा करता रहा।
संयोगवश जिस दिन साक्षात्कार निर्धारित था, उसी दिन दुल्हन की विदाई भी थी। साक्षात्कार समाप्त होने के बाद दूल्हा मनोज अपनी पत्नी अनीसा को लेकर घर रवाना हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार का लादूखेड़ा गांव में साइबर कैफे है और वह पास के ही हिरौरा गांव का निवासी है। अनीसा भी लादूखेड़ा गांव की रहने वाली हैं। बताया गया कि करीब तीन महीने पहले अनीसा आधार कार्ड से संबंधित कार्य के लिए साइबर कैफे पहुंची थीं, जहां दोनों की मुलाकात हुई और बाद में यह परिचय प्रेम संबंध में बदल गया।
परिजनों को जानकारी होने पर 21 फरवरी को दोनों का विवाह संपन्न कराया गया और 22 फरवरी को विदाई हुई। विदाई के तुरंत बाद अनीसा साक्षात्कार देने पहुंचीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित