आगरा , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश में आगरा जिले में सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम इलाके में रविवार रात एक तेल कारोबारी ने कार के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा खोलकर देखा तो अंदर विश्वजीत का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। कार से पिस्टल और शराब की एक बोतल भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या से पहले विश्वजीत ने अपने परिजनों और कुछ रिश्तेदारों को मोबाइल पर कॉल कर कहा था कि वह अब जीना नहीं चाहता और काफी थक चुका है। मृतक के पिता एक बैंक में कार्यरत बताए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि विश्वजीत ऑयल मिल का संचालन करता था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित