आगरा , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में थाना कमला नगर क्षेत्र के लोहिया नगर स्थित एक जूता गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस के अनुसार तीन मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लगी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सूचना पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया गया है कि इमारत के स्वामी नितिन और सजल गुप्ता दो भाई हैं, जो जूतों का कारोबार करते हैं। पहली और दूसरी मंजिल पर गोदाम संचालित था, जबकि तीसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और परिजन सुरक्षित नीचे उतर आए। दमकल विभाग के अनुसार आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित