आगरा , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में ऑटो चालक विजय पाल की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी विष्णु और अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार थाना सैंया क्षेत्र में 14 फरवरी को दोनों आरोपियों ने विजय पाल का ऑटो किराये पर लिया था। देर शाम तक विजय पाल के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान इरादत नगर रोड पर ऑटो खड़ा मिला और कुछ दूरी पर नाले में उसका शव बरामद हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण डूबना बताया गया, हालांकि शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे। इन चोटों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ और मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले स्वयं शराब पी और चालक विजय पाल को भी शराब पिलाई। नशे की हालत में दोनों ने उसके साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे नाले में फेंककर फरार हो गए। आरोपी उसका बैग भी साथ ले गए थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विष्णु पूर्व में भी जेल जा चुका है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित