आगरा , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के शाहगंज क्षेत्र में एक ऑटो चालक की जल कर हुयी मृत्यु के मामले में प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक चांद ऑटो चालक था और विवाहित था, जबकि शबनम विधवा बताई जा रही है। दोनों लगभग दो वर्षों तक लिव-इन रिलेशन में रहे। करीब 15 दिन पूर्व शबनम ने अपने देवर सोनू खान से विवाह कर लिया था। जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी की रात चांद को जली अवस्था में सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने तिराहे पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि चांद के पास कुछ आपत्तिजनक वीडियो थे, जिन्हें लेकर शबनम उस पर दबाव बना रही थी। आरोप है कि 27 फरवरी की देर शाम करीब नौ बजे ऑटो रुकवाकर चांद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई और आरोपी फरार हो गए। परिजनों का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस के मुताबिक उपचार के दौरान चांद के कई बार बयान दर्ज किए गए, जिनमें विरोधाभास पाया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है तथा सर्विलांस टीम की भी मदद ली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित