आगरा , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट सहित विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बजट एक लाख करोड़ रुपये का बताया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर गुणवत्ता में गिरावट आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आगरा का जूता उद्योग बजट की मांग करते-करते थक गया, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। अमेरिका के साथ हुई व्यापार डील पर उन्होंने कहा कि इससे अमीर और ज्यादा अमीर होगा, जबकि गरीब और गरीब होता जाएगा।
भाजपा और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा 'डिवाइड एंड रूल' की नीति से लाभ उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर में गड़बड़ी हो रही है और जिन लोगों को हस्ताक्षर करना नहीं आता, उनके फॉर्म पर भी हस्ताक्षर कर दिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुसलमानों, दलितों, पिछड़ों और समाजवादी पार्टी को वोट देने वाले वर्गों के नाम वोटर सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है।
आगरा में पेयजल और प्रदूषण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शहर में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। साथ ही आगरा में बढ़ते वायु प्रदूषण का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली की तरह यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी चिंता का विषय रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने तथा स्थानीय स्तर पर भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद यमुना की सफाई नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित