पटना , मार्च 07 -- पटना जिला में आग लगने की बढ़ती संभावना को देखते हुए आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और जन-धन की सुरक्षा के लिये जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में तीन से नौ मार्च तक विशेष साप्ताहिक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और आग से बचाव के उपायों की जानकारी देना है।

अभियान के तहत अग्निशमन विभाग की टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं। खासकर झुग्गी- झोपड़ी बस्तियों, घनी आबादी वाले इलाकों, संकीर्ण गलियों और शैक्षणिक और व्यावसायिक संस्थानों में लोगों को आग से बचाव के उपाय बताये जा रहे हैं। इसके लिये नुक्कड़ नाटक, कैनोपी एक्टिविटी, पैम्फलेट वितरण, बैनर- होर्डिंग और डिजिटल वॉल पेंटिंग जैसे माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

साथ ही शहर के प्रमुख चौक- चौराहों पर सूचना केंद्र स्थापित कर नागरिकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। कंकडबाग, दानापुर और पटना सिटी समेत कई इलाकों में रोड शो और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया। इसके अलावा कार्यशालाओं के जरिये जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को आग बुझाने के व्यावहारिक तरीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित