कोलकाता , मार्च 21 -- हर्षित राणा के बाद अब आकाश दीप के भी इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर होने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को वैकल्पिक तेज गेंदबाज की तलाश है। कोलकाता नाइट राइडर्स के एक शीर्ष अधिकारी ने क्रिकबज को आकाश दीप के आईपीएल से बाहर होने की की पुष्टि करते हुए कहा, "दुर्भाग्य से, वह आईपीएल से बाहर हो गया है। इस सीजन के लिए उसे बाहर कर दिया गया है।"29 वर्षीय बंगाल के इस तेज गेंदबाज आकाश दीप को फ्रैंचाइजी ने पिछले साल अबू धाबी में हुई मिनी-नीलामी में एक करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। आकाश दीप कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप में शामिल नहीं हुए हैं, जो 18 मार्च से कोलकाता में चल रहा है। समझा जाता है कि वह बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, हालाकि उनकी चोट की सही प्रकृति अभी भी स्पष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि रिहैबिलिटेशन के प्रबंधकों की ओर से खिलाड़ी के संबंध में फ्रैंचाइजी को कुछ जानकारी दी गई है।

आकाश लगातार चोटों का शिकार रहे हैं, जिसके कारण उन्हें नियमित रूप से मैच छोड़ने पड़े हैं - चाहे वह भारत के लिए खेल रहे हों या आईपीएल फ्रैंचाइजी के लिए। वह पिछले आईपीएल में, वह लखनऊ सुपरजायंट्स का हिस्सा थे। एक सीजन के बाद फ्रैंचाइजी ने ही उन्हें रिलीज कर दिया था।

आकाश के उपलब्ध न होने के कारण, नाइट राइडर्स के पास अब उनका कोई विकल्प खोजने के अलावा और कोई चारा नहीं बचा है। फ्रैंचाइजी हर्षित राणा के लिए भी किसी विकल्प की तलाश करने को लेकर दुविधा में थी, हर्षित को घुटने की सर्जरी के कारण कैंप शुरू होने से पहले ही बाहर कर दिया गया था। कैंप के भीतर यह राय थी कि राणा जैसे बेहतरीन खिलाड़ी के लिए कोई उपयुक्त विकल्प उपलब्ध नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित