रुद्रपुर , मार्च 10 -- उत्तराखंड के रुद्रपुर में पुलिस ने आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने मंगलवार को यह जानकारी दी। श्री गणपति के अनुसार विगत आठ फरवरी की रात को चोरों ने बाजपुर रोड स्थित आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में सेंध लगाई थी। चोर स्पेयर पार्ट्स और अन्य उपकरण चोरी कर ले गये थे।
शो रूम के मालिक तजिंदर की तहरीर पर पुलिस ने आईटीआई कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा धारा 305(ए), 331(4) के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। उप निरीक्षक शंकर सिंह की अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
श्री गणपति के अनुसार नौ मार्च की रात को गश्त के दौरान पुलिस की ओर से परमानंदपुर हाईवे के नीचे तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी इकराम उर्फ गुड्डू (51) को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से बिधोलिया, थाना सीबीगंज, बरेली उप्र का मूल निवासी है और वर्तमान में आइसा पैलेस, महीना शाह का इमामबाड़ा, थाना बरादरी क्षेत्र में रह रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित