दुबई , जनवरी 21 -- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसीए) ने बंगलादेश की भारत से उसके टी 20 वर्ल्ड कप मैच शिफ्ट करने की मांग खारिज कर दी है। समझा जाता है कि आईसीसी ने बीसीबी से बंगलादेश सरकार को यह बताने के लिए कहा है कि अगर बंगलादेश टी20 वर्ल्ड कप में अपने मैच खेलने के लिए भारत जाने से इनकार करता रहता है, तो टूर्नामेंट में उसकी जगह किसी दूसरी टीम को ले लिया जाएगा। इस फैसले के बाद वोटिंग हुई, जिसमें आईसीसी बोर्ड के ज़्यादातर सदस्य रिप्लेसमेंट के पक्ष में थे।
बीसीबी को भारत में खेलने के अपने रुख पर आईसीसी को जवाब देने के लिए एक और दिन दिया गया है।
अगर ऐसा होता है, तो वर्ल्ड कप में ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को मिल सकती है। स्कॉटलैंड 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया था, क्योंकि वह यूरोपियन क्वालिफायर में नीदरलैंड्स, इटली और जर्सी से पीछे रह गया था।
फ़िलहाल के घटनाक्रम को देखें तो बीसीबी अपने इस रुख़ पर अड़ा है कि सुरक्षा कारणों से वह अपनी टीम को भारत दौरे पर नहीं भेजेगा। बांग्लादेश ने आईसीसी के सामने गुहार लगाई है कि उनके मैचों का आयोजन श्रीलंका में किया जाए। बीसीसीआई के आईपीएल टीम कोलकाता नाईट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश के बाद बंगलादेश ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए यह मांग की है।
बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने लगातार सरकार की सुरक्षा चिंताओं को ही अपना आधार बनाया है और भारत में खिलाड़ियों की जान को ख़तरा बताया है। जिस तरह की सख़्त बयानबाज़ी अब तक हुई है, उसे देखते हुए अगर बंगलादेश अचानक भारत में खेलने को राज़ी होता है, तो यह क्रिकेट जगत के लिए किसी बड़े अचंभे से कम नहीं होगा। साथ ही घरेलू स्तर पर भी सरकार और बोर्ड को जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित