दुबई , मार्च 15 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मीरपुर में बंगलादेश के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए पाकिस्तान के बल्लेबाज आगा सलमान को फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट अंक दिया गया।

आईसीसी की रिपोर्ट के अनुसार आगा सलमान को आर्टिकल 2.2 का दोषी पाया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों या मैदान से जुड़ी चीजों के दुरुपयोग से संबंधित है। यह घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में उस समय हुई जब अजीबो गरीब तरीके से रनआउट होने के बाद आगा ने अपने ग्लव्स और हेलमेट मैदान पर फेंक दिए। 62 गेंद पर 64 रन बनाने वाले आगा नॉन स्ट्राइकर छोर पर क्रीज से बाहर थे। मोहम्मद रिजवान ने गेंद को सीधे गेंदबाज मेहदी हसन मिराज की ओर खेला और मिराज ने गेंद को पैर से रोक लिया। आगा अभी भी क्रीज से बाहर थे और गेंद उठाकर गेंदबाज को देने ही वाले थे, तभी मिराज ने गेंद पकड़कर थ्रो करते हुए विकेट गिरा दिए।

इस तरह से आउट होने के बाद आगा गुस्से में दिखे। हालांकि बाद में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने 'खेल भावना' की बात की और कहा कि अगर वह मिराज की जगह होते तो मामला अलग तरीके से संभालते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित