दुबई , अप्रैल 08 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को पापुआ न्यू गिनी में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप 2027 और पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए ईस्ट एशिया-पैसिफिक कार्यक्रम और क्वालिफिकेशन की घोषणा की।
इस क्षेत्र में आज आईसीसी अंडर 19 महिला टी-20 विश्व कप ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर के साथ मुकाबले शुरू हो गए हैं। यह टूर्नामेंट 8 से 13 अप्रैल तक पापुआ न्यू गिनी के पोर्ट मोरेस्बी में खेला जाएगा। मेजबान टीम ने फिजी, इंडोनेशिया, समोआ और वानुअतु हिस्सा ले रहे। यह सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारुप में खेला जायेगा, जिसमें जीतने वाली टीम बंगलादेश और नेपाल में होने वाले आईसीसी अंडर19 महिला टी-20 विश्व कप 2027 के लिए क्वालिफीई करेगी। यह पहली बार है जब वानुअतु किसी आईसीसी अंडर-19 महिला पाथवे स्पर्धा में खेल रहा है।
क्रिकेट पीएजी के चेयरमैन, माइकल हैरिसन ने कहा, "क्रिकेट पीएनजी के लिए यह एक रोमांचक टूर्नामेंट है, क्योंकि हम एक बार फिर यह साबित कर रहे हैं कि पीएनजी आईसीसी की कड़ी ज़रूरतों के हिसाब से अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर सकता है।"जापान मई में आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर की मेजबानी करेगा। यह अब तक का सबसे बड़ा ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर टूर्नामेंट होगा, जिसमें नौ टीमें दो अलग-अलग जगहों पर मुकाबला करेंगी। निशिन शहर में सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड और कोरोजी स्पोर्ट्स पार्क का इस्तेमाल पूरे टूर्नामेंट के दौरान किया जाएगा। निशिन शहर सितंबर 2026 में होने वाले एशियन गेम्स के वेन्यू के तौर पर इस्तेमाल होने से पहले, अपना पहला इंटरनेशनल मैच होस्ट करेगा। इसमें मेजबान जापान के साथ कुक आइलैंड्स, फिजी, इंडोनेशिया, पापुआ न्यू गिनी, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, समोआ और वानुअतु की टीमें भी शामिल होंगी।
यह टूर्नामेंट दो चरणों में होगा। 8-10 मई तक ग्रुप स्टेज, जिसके बाद 12-18 मई तक सुपर सिक्स स्टेज होगा। टीमों को तीन-तीन के तीन ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सुपर सिक्स स्टेज में आगे बढ़ेंगी। सुपर सिक्स के आखिर में, टॉप टीमें अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर लेंगी, क्योंकि वे ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2028 के लिए क्वालिफाई करना चाहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित