रांची , दिसम्बर 03 -- रांची वनडे के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। राणा ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस के आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा किया था जिसके चलते राणा के ख़िलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए आईसीसी ने उन्हें फटकार लगाई है।
आईसीसी द्वारा जारी मीडिया रिलीज में कहा गया है कि राणा को खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी कर्मियों से संबंधित आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। जो "किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बल्लेबाज़ के आउट होने पर अपमानजनक भाषा, कार्य या हावभाव का प्रयोग करने या बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़काने से संबंधित है।"यह घटना दक्षिण अफ्रीका की पारी के 22वें ओवर के दौरान हुई थी जब राणा ने ब्रेविस का शिकार किया था। राणा ने मैच रेफरी रिची रिचर्ड्सन द्वारा प्रस्तावित दण्ड को स्वीकार कर लिया जिसके परिणामस्वरूप इस मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह 24 महीने की अवधि में राणा का यह पहला अपराध था इसलिए उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित