नयी दिल्ली , मार्च 27 -- ब्रिटेन के प्रसिद्ध विश्लेषक क्यूएस क्वाक्वेरेली साइमंड्स द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग के अनुसार उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) ने पशु चिकित्सा विज्ञान श्रेणी में दुनिया के शीर्ष 100 संस्थानों में जगह बनाई है।
यह इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाला एकमात्र भारतीय विश्वविद्यालय है।
कृषि मंत्रालय की यहां जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। आईवीआरआई बरेली के अलावा यहां के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने कृषि एवं वानिकी श्रेणी में 151-200 की वैश्विक रैंकिंग हासिल कर अपनी अंतरराष्ट्रीय साख साबित की है।
'क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग - विषयवार 2026' में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों ने पहली बार ऐतिहासिक पदार्पण करते हुए अपनी धाक जमाई है।
इस वर्ष की रैंकिंग में भारत का प्रदर्शन सामान्य ही रहा है। शीर्ष समूह (151-200) में आईएआरआई के साथ बनारस हिंदू विश्वविद्यालय दिल्ली विश्वविद्यालय और आईआईटी खड़गपुर ने भी अपनी जगह सुरक्षित की है। हरियाणा के हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने भी पहली बार 301-350 वाली श्रेणी में प्रवेश कर गौरव बढ़ाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित