अबू धाबी , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर और राजस्थान के कार्तिक शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गये हैं, जबकि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन लीग के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गये हैं।
यहां एतिहाद एरिना में मंगलवार को हुए आईपीएल मिनी-ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद को पीछे छोड़कर वीर को अपने नाम किया। कुछ देर बाद कार्तिक के लिये भी सीएसके और हैदराबाद के बीच बोली लगी, लेकिन आखिरकार चेन्नई की फ्रेंचाइज़ी ने इस विस्फोटक बल्लेबाज को 14.2 करोड़ में खरीद लिया।
ये दोनों ही खिलाड़ी लीग के इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गये हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड आवेश खान के नाम था जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2022 में 10 करोड़ में खरीदा था।
इस बीच, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ की बोली लगाकर ग्रीन को अपनी टीम में शामिल किया। केकेआर ने ही 2024 में मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ में खरीदा था और वह उस सीज़न आईपीएल फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। अब तक स्टार्क लीग के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी थे। इस बार के मिनी ऑक्शन में ग्रीन पहले सेट में शामिल थे। नीलामी के लिये उनका नाम आते ही मुंबई इंडियन्स ने दो करोड़ की बोली लगायी, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने फौरन ही 2.20 करोड़ की बोली लगायी।
केकेआर और राजस्थान के बीच थोड़ी देर जंग चली, लेकिन राजस्थान ने सिर्फ 16.05 करोड़ होने के कारण 13.80 करोड़ पर अपने हाथ वापस खींच लिये। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) नीलामी में उतरी। फ्रेंचाइज़ी ने 25 करोड़ तक केकेआर का मुकाबला किया, लेकिन अंततः कोलकाता की फ्रेंचाइज़ी ने 25.20 करोड़ में ग्रीन को अपनी टीम का हिस्सा बना लिया।
उल्लेखनीय है कि ग्रीन के अलावा स्टार्क (24.75 करोड़) और पैट कमिंस (20.50 करोड़) भी आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रह चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित