चेन्नई , मार्च 20 -- ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नेथन एलिस, आईपीएल 2026 से बाहर हो सकते हैं। 11 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे कप फ़ाइनल में उनकी पुरानी हैमस्ट्रिंग चोट फिर से उभर गई थी।

31 वर्षीय एलिस को पिछली आईपीएल नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 2 करोड़ रूपये में रिटेन किया था। हालांकि उन्होंने 2025 में उनके लिए सिर्फ़ एक मैच खेला। कुल मिलाकर, उन्होंने 17 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें से 16 मैच 2021 से 2024 के बीच पंजाब किंग्स के लिए आए हैं। सीएसके ने अभी तक एलिस को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

एलिस तस्मानिया के कप्तान हैं और उन्होंने होबार्ट में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित वनडे कप फ़ाइनल में पांच ओवर डाले थे। उन्होंने इस मैच में 26 रन देकर 2 विकेट लिए थे और माना जा रहा है कि इसी दौरान उनकी पुरानी चोट फिर से उभरी। तस्मानिया यह फ़ाइनल चार विकेट से हार गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित