अलवर , अप्रैल 05 -- राजस्थान में अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक एलईडी सहित अन्य उपकरण और वाईफाई बॉक्स बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने रविवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करके आरोपियों को पकड़ा गया। ये अपने घर पर ही कारोबार कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। चार अप्रैल को दिल्ली बनाम मुंबई मैच में करीब 69 हजार 40 रुपये का सट्टा लगाने की पुष्टि हुई है। आरोपी छह ओवर, 10 ओवर, 15 ओवर और 20 ओवर के अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से सक्षम कालरा (27) और अंश कालरा (23) को गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित