जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान राज्य मानव अधिकार आयोग ने जयपुर में प्रस्तावित आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन, पुलिस और खेल आयोजकों को विस्तृत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी की एकलपीठ द्वारा सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि खेल मानव जीवन के विकास, स्वास्थ्य और मनोरंजन का महत्वपूर्ण माध्यम है। आईपीएल जैसे बड़े आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शक शामिल होते हैं, इसलिए व्यवस्थाओं का बेहतर होना आवश्यक है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में टिकटों की कालाबाजारी और दर्शकों को टिकट उपलब्ध न होने की शिकायतें सामने आई थीं। इस पर आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि टिकट उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जाएं और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
आयोग ने प्रशासन और आयोजकों को निर्देश दिये हैं कि स्टेडियम में सभी वर्गों के दर्शकों महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजन के लिए अलग-अलग और सुरक्षित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही पीने के पानी, शौचालय, छाया, बैठने की व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, आपातकालीन निकासी मार्ग, अग्निशमन व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोग ने कहा है कि सभी संबंधित विभाग पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, खेल मंत्रालय और जिला प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करें और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
आदेश में यह भी कहा गया है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य केवल मैचों का सफल आयोजन नहीं बल्कि दर्शकों के अधिकारों की सुरक्षा भी है, ताकि राजस्थान और जयपुर की छवि पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।
आयोग ने इस मामले में अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए नौ अप्रैल 2026 की तिथि निर्धारित की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित