नयी दिल्ली , दिसंबर 30 -- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने प्राइवेट बैंकिंग के ग्राहकों के लिए मेटल कार्ड 'गज:' पेश करने की घोषणा की है।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह कार्ड खास तौर पर बैंक के हाई-नेट-वर्थ वाले ग्राहकों के लिए पेश किया गया है और सिर्फ उन्हीं ग्राहकों को दिया जायेगा जिन्हें इसके लिए बैंक की तरफ से निमंत्रित किया जायेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि 'गज:' क्रेडिट कार्ड बैंक की प्रीमियम मेटल कार्ड सीरीज अश्व-मयूर-गज: त्रिमूर्ति का सबसे खास हिस्सा है। संस्कृत में 'गज:' का अर्थ हाथी होता है जो शक्ति, बुद्धिमानी, स्थिरता और राजसी शान का प्रतीक है। 'गज:' क्रेडिट कार्ड आम ग्लोबल डिजाइन से अलग है। इसे धातु पर तैयार किया गया है और इसका सिग्नेचर दो-हाथी वाला डिजाइन है।

इस कार्ड की जॉइनिंग और वार्षिक फीस 12,500 रुपये है जिस पर जीएसटी अलग से देय होगा। कार्ड के साथ 12,500 इनविटेशन रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं, जिन्हें आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ऐप पर यात्रा के टिकट बुकिंग में इस्तेमाल किया जा सकता है। एक रिवॉर्ड प्वाइंट एक रुपये के बराबर है। इसके अलावा, 'गज:' कार्ड के साथ शून्य विदेशी मुद्रा विनिमय शुल्क, और प्रीमियम ट्रैवल तथा लाइफस्टाइल सुविधाएं भी मिलती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित