मुंबई , फरवरी 12 -- सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में जारी बिकवाली के दबाव में गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट देखी गयी जिससे बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 558.72 अंक (0.66 प्रतिशत) टूटकर 83,674.92 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 146.65 अंक नीचे 25,807.20 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल चारों आईटी कंपनियों टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में पांच से छह प्रतिशत के आसपास गिरावट रही।
चौतरफा गिरावट के बीच निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.45 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.64 प्रतिशत नीचे रहा।
निफ्टी आईटी सूचकांक 5.51 प्रतिशत लुढ़क गया। तेल एवं गैस, रसायन, रियलटी, मीडिया, एफएमसीजी, बैंकिंग, फार्मा और ऑटो में भी गिरावट रही। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में तेजी रही।
एनएसई में शामिल 3,256 कंपनियों के शेयरों में से 2,007 के शेयर गिरावट में रहे जबकि 1.151 में तेजी रही। अन्य 98 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 17 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। टेक महिंद्रा का शेयर 5.99 प्रतिशत टूट गया। इंफोसिस में 5.79 प्रतिशत, टीसीएस में 5.41, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 4.84, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.23, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 2.13 और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.27 प्रतिशत की गिरावट रही। इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और इंडिगो के शेयर भी लाल निशान में रहे।
बजाज फाइनेंस का शेयर 3.17 प्रतिशत चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.73 फीसदी, ट्रेंट का 1.52 और बीईएल का 1.43 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी में भी तेजी रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 0.86 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.02 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.05 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.33 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.09 प्रतिशत ऊपर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित