मुंबई , जनवरी 16 -- आईटी और बैंकिंग शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी देखी गयी जबकि वृदह बाजार में गिरावट का रुख रहा।

बीएसई का सेंसेक्स आज करीब 288 अंक की बढ़त में खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। एक समय यह 752 अंक ऊपर पहुंच गया था। अंत में 187.64 अंक की तेजी के साथ 83,570.35 अंक पर बंद हुआ।

अच्छे तिमाही परिणामों के दम पर इंफोसिस का शेयर साढ़े पांच फीसदी और टेक महिंद्रा का पांच फीसदी से ज्यादा चढ़ा जिससे प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 28.75 अंक चढ़कर 25,694.35 अंक पर बंद हुआ।

मझौली कंपनियों के सूचकांक हरे निशान में और छोटी कंपनियों के लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.54 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

आईटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली से निफ्टी आईटी सूचकांक 3.34 फीसदी ऊपर रहा। बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में भी तेजी रही। फार्मा, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर लाल निशान में रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस और टेक महिंद्रा के बाद एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर करीब दो प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक में सवा फीसदी से अधिक तेजी रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और टीसीएस के शेयर भी बढ़त में रहे।

इटरनल में करीब चार प्रतिशत की गिरावट रही। एशियन पेंट्स का शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूटा। बीईएल, सनफार्मा, मारुति सुजुकी और आईटीसी के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच फिसल गये। एनटीपीसी, टाइटन, ट्रेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित