जयपुर/बर्लिन , मार्च 03 -- केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत विनायक गुप्ते ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में मंगलवार को शुरु हुए विश्व के सबसे बड़े पर्यटन व्यापार मेले आईटीबी बर्लिन-2026 में राजस्थान पर्यटन विभाग के पवेलियन का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में राजस्थान पर्यटन विभाग की आयुक्त रुकमणी रियाड़, अतिरिक्त निदेशक पवन कुमार जैन एवं संयुक्त निदेशक डॉ. पुनीता सिंह मौजूद थे। राजस्थान मंडप अपनी सांस्कृतिक भव्यता, स्थापत्य सौंदर्य और नवाचारपूर्ण प्रस्तुति के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस अवसर पर आयुक्त श्रीमती रुकमणी रियाड़ ने यूरोपीय एवं जर्मन पर्यटन स्टेकहोल्डर्स के साथ विशेष संवाद करते हुए राजस्थान के ऐतिहासिक किलों और जर्मनी के महलों के मध्य स्थापत्य कला तथा धरोहर संरक्षण की उल्लेखनीय समानताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान और जर्मनी के संबंध केवल पर्यटन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों क्षेत्रों को विरासत संरक्षण, रणनीतिक निर्माण शैली और सांस्कृतिक संवेदनशीलता की साझा परंपराएं भी जोड़ती हैं।

उन्होंने कहा कि पहली दृष्टि में भारत का राजस्थान और यूरोप का जर्मनी भौगोलिक रूप से भिन्न प्रतीत होते हैं। एक ओर विस्तृत मरुस्थल है तो दूसरी ओर हरे-भरे वन और नदी घाटियाँ किन्तु जब ऐतिहासिक दुर्गों और राजमहलों को देखा जाता है तो स्थापत्य दृष्टि से आश्चर्यजनक साम्य सामने आता है। राजस्थान पर्यटन की इस प्रभावी भागीदारी ने जर्मन एवं यूरोपीय बाजार में राज्य की पहचान को नई ऊर्जा प्रदान की है।

आईटीबी के आगामी दिनों में विभिन्न व्यावसायिक बैठकों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा संवाद सत्रों के माध्यम से राजस्थान अपनी समृद्ध विरासत, अतिथि सत्कार परंपरा और सतत पर्यटन दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित