जालौन , दिसंबर 18 -- शीतकालीन प्रशासनिक सक्रियता के क्रम मे पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने गुरुवार को जालौन जिले का प्रस्तावित वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण करने के साथ ही थाना आटा का भी वार्षिक भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय की साफ-सफाई, पत्रावलियों का रखरखाव एवं अभिलेखों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। पुलिस महानिरीक्षक ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। महिला संबंधी एक प्रकरण में विवेचना में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित विवेचक के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए तथा विवेचना महिला थाना को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। भूमि एवं राजस्व विवादों में फॉलोअप बढ़ाने तथा एकल विंडो सिस्टम लागू करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस कार्यालय निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक शाखा में लंबित पत्रावलियों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान लिपिक एसआई (एम) फूलचंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, वाचक कार्यालय में अपराध रजिस्टरों की समीक्षा कर लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
देर शाम थाना आटा के निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस, बैरक एवं भोजनालय का निरीक्षण किया गया। बेहतर कार्यप्रणाली पर सीसीटीएनएस में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर दीपिका कुमारी एवं मेस फॉलोवर अरविंद कुमार को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आईजी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने तथा बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डा. दुर्गेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित