नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर 10 शहरों की अपनी फ्रेंचाइजी टीमों के जरिए गोल्फ के देशभर में विस्तार के लिए 100 मिलियन डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की है।
आज यहां की गई घोषणा के अनुसार लीग ने 100 मिलियन डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) के निवेश के साथ एक मजबूत ढांचा तैयार किया है। इसके अलावा 250 मिलियन डॉलर (करीब 2000 करोड़ रुपये) गोल्फ कोर्स बनाने के लिए अलग से रखे गए हैं। इससे टियर-2 और टियर-3 शहरों में 8-10 एकड़ के छोटे गोल्फ कोर्स बनाये जायेंगे जिससे यह खेल बड़े और महंगे क्लबों से निकलकर स्थानीय मैदानों तक पहुंचेगा।
इस खेल की पुरानी सीमाओं को तोड़ते हुए आईजीपीएल को एक बड़े और रोमांचक लीग फॉर्मेट में तैयार किया गया है ताकि प्रोफेशनल गोल्फ को आम जनता तक पहुंचाया जा सके। इसके पहले सीजन में हैदराबाद, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई, विशाखापत्तनम, गोवा, बेंगलुरु, पंजाब और गुरुग्राम की टीमें खिताब जीतने के लिए आपस में भिड़ेंगी।
आईजीपीएल ने 'गोल्फ ग्रोथ इनिशिएटिव' शुरू करने के लिए इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू), विमेंस गोल्फ एसोसिएशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजीएआई), पीजीए ऑफ इंडिया (पीजीएआई) और द गोल्फ फाउंडेशन (टीजीएफ) के साथ साझेदारी की है। यह प्रोग्राम नए खिलाड़ियों को सीधे खेल के दिग्गजों से जोड़ता है। जीव मिल्खा सिंह, शिव कपूर, ज्योति रंधावा, गगनजीत भुल्लर, गौरव घई और एसएसपी चौरसिया जैसे महान खिलाड़ी नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे, ताकि स्कूलों से लेकर प्रोफेशनल गोल्फ तक पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित