कानपुर , मार्च 10 -- फरवरी 2026 की आईजीआरएस मासिक रैंकिंग में कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि कमिश्नरेट के सभी 52 थानों द्वारा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के कारण हासिल हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि जनवरी 2026 में कमिश्नरेट की रैंकिंग 62वें स्थान पर थी। इसके बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कार्यप्रणाली में सुधार के बाद कमिश्नरेट सीधे प्रथम स्थान पर पहुंच गया।

फरवरी माह में संतुष्ट फीडबैक का प्रतिशत 92.75 रहा, जिसमें 30 में से 30 अंक प्राप्त हुए, जबकि आवेदकों से संपर्क का प्रतिशत 96.26 रहा, जिसमें 10 में से 10 अंक मिले। इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रेरित किया। साथ ही आईजीआरएस से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

आईजीआरएस से संबंधित प्रमुख अधिकारियों में अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त अमरनाथ, सहायक पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था रंजीत कुमार और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा शामिल हैं।

प्रवक्ता ने कहा है कि जनसुनवाई और आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित