जयपुर , मार्च 14 -- राजस्थान में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने पाली जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र में रामगढ़ गांव में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की पाइपलाइन से पेट्रोलियम पदार्थ चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने शनिवार को बताया कि पेट्रोलियम चोरी की यह वारदात पाली जिले के रामगढ़ गांव में अगस्त 2023 में अंजाम दी गई थी। आरोपियों ने ब्यावर-रामगढ़ क्षेत्र से गुजर रही केजेपीपीएल पाइपलाइन को पंक्चर करके उसमें अवैध रूप से वाल्व लगा दिया था।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंधक शेर सिंह चौहान ने पांच अगस्त 2023 को सेन्दड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पाइपलाइन में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ होने के कारण बड़ी दुर्घटना या आग लगने की आशंका भी थी। जिससे मामला बेहद गंभीर माना गया।

श्री बंसल ने बताया कि गिरोह का सरगना जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू महाराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस चोरी की योजना बनाई थी। चूंकि हाई-प्रेशर पाइपलाइन को पंक्चर करने का तकनीकी ज्ञान इनके पास नहीं था, इसलिए उन्होंने अहमदाबाद (गुजरात) निवासी पंकज वाघेला को लाखों रुपये का लालच देकर बुलाया। वाघेला ने जनरेटर और अन्य उपकरणों की मदद से लक्ष्मण सिंह रावत के खेत में गुजर रही पाइपलाइन को पंक्चर करके उस पर वाल्व वेल्ड कर दिया, जिससे चोरी करना आसान हो गया।

श्री बंसल ने बताया कि आरोपियों ने चोरी को छिपाने के लिए वाल्व के चारों ओर मिट्टी के कट्टे भरकर उसे दबा दिया और ऊपर से ट्रैक्टर से जुताई कर दी, ताकि किसी को शक न हो।

एक रात जब आरोपी टैंकर लेकर तेल निकालने पहुंचे तो पाइपलाइन में बहाव कम होने के कारण अधिक मात्रा में तेल नहीं निकाल पाए। वापसी के दौरान उनका टैंकर खेत की दलदली जमीन में फंस गया। टैंकर को ट्रैक्टरों की मदद से निकालते समय खेत की सतह पर आए बदलाव और ढीली मिट्टी को देखकर आईओसी के गश्ती दल को संदेह हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित