रायपुर , मार्च 11 -- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) दक्षिण पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन परिसर लखौली, आरंग, जिला रायपुर में बुधवार को आपदा प्रबंधन से संबंधित मॉक अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। यह मॉक अभ्यास जिला प्रशासन, अपर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नगर सेना माना कैम्प तथा एनडीआरएफ भिलाई, जिला दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
मॉक अभ्यास का उद्देश्य किसी संभावित औद्योगिक आपदा या आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और बचाव कार्यों की प्रभावी कार्यप्रणाली का परीक्षण करना था।
मॉक अभ्यास से एक दिन पूर्व 10 मार्च को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए टेबल टॉप मीटिंग आयोजित की गई थी। बैठक में संभावित आपदा की स्थिति में विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
मॉक अभ्यास के दौरान आईओसीएल परिसर में स्थित डीजल और पेट्रोल टैंक में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसके बाद इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सुरक्षा कर्मियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर सेना और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने और प्रभावित लोगों के रेस्क्यू की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया।
मॉक अभ्यास के दौरान फायर फाइटिंग, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और अस्पताल भेजने की व्यवस्था का भी प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में विभिन्न विभाग किस प्रकार समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करते हैं, इसकी जानकारी भी कर्मचारियों को दी गई।
मॉक अभ्यास के दौरान एडीएम कीर्तिमान राठौर, मनीष मिश्रा, बांधे, डी.सी. किण्डो, एसडीएम आरंग अभिलाषा पैंकरा, उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल, एसडीआरएफ के पुष्पराज सिंह सहित राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मॉक अभ्यास के बाद सभी विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की समीक्षा की और भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित